06/21/2026 | Press release | Distributed by Public on 06/21/2026 02:00
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने अपनी प्रमुख पहल "योग संगम 2026" के माध्यम से उत्साह और देशव्यापी सहभागिता के साथ 12वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) 2026 मनाया। योग दिवस 2026 की थीम "योगा फॉर हैल्दी एजींग'' के अनुरूप आयोजित इन समारोहों में सभी आयु वर्ग के लोगों के समग्र स्वास्थ्य, मानसिक दृढ़ता और कल्याण को बढ़ावा देने में योग की परिवर्तनकारी भूमिका को रेखांकित किया गया।
इस अवसर को चिह्नित करते हुए देशभर में भारतीय तटरक्षक बल के सभी पोतों और प्रतिष्ठानों पर समन्वित योग सत्र आयोजित किए गए। प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित इन सत्रों में तटरक्षक बल के हजारों कार्मिकों और उनके परिवारजनों ने भाग लिया। सत्रों में आसनों, प्राणायाम तथा ध्यान का समग्र अभ्यास कराया गया। योग सत्रों के दौरान उन योग तकनीकों पर विशेष बल दिया गया जिन्हें दैनिक जीवन में सहज रूप से अपनाकर शारीरिक तंदुरुस्ती, मानसिक स्पष्टता, भावनात्मक संतुलन, तनाव प्रबंधन तथा चुनौतीपूर्ण एवं उच्च दबाव वाले वातावरण में कार्यरत कार्मिकों की परिचालन संबंधी क्षमता को मज़बूत किया जा सकता है।
मुख्य कार्यक्रम मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के सहयोग से नोएडा स्थित भारतीय तटरक्षक परिसर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक, डीजी परमेश शिवमणि तथा तटरक्षक बल के 1,000 से अधिक कार्मिक और उनके परिवारजन उपस्थित रहे। अपने संबोधन में भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक ने शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक स्वास्थ्य और व्यावसायिक दक्षता बनाए रखने के लिए योग की स्थायी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला, विशेषकर उन कार्मिकों के लिए जो परिचालन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करते हैं।
"योग संगम 2026" भारतीय तटरक्षक बल की उस अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके तहत भारतीय समुद्री तटों की सुरक्षा में तैनात कार्मिकों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य, कल्याण तथा जीवन की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
*******
पीके/केसी/पीके