Ministry of Heavy Industries of the Republic of India

05/06/2026 | Press release | Distributed by Public on 05/06/2026 02:36

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण, इंडियाएआई मिशन और आईआईएससी के सहयोग से 8-9 मई, 2026 को आईआईएससी बेंगलुरु में एबी पीएम-जेएवाई ऑटो-एडजुडिकेशन हैकाथॉन के भव्य फिनाले और शोकेस का[...]

स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण मंत्रालय

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण, इंडियाएआई मिशन और आईआईएससी के सहयोग से 8-9 मई, 2026 को आईआईएससी बेंगलुरु में एबी पीएम-जेएवाई ऑटो-एडजुडिकेशन हैकाथॉन के भव्य फिनाले और शोकेस का आयोजन करेगा


स्वास्थ्य सेवा में एआई के विस्तार और एक पारदर्शी, डेटा-आधारित दावा प्रणाली के निर्माण पर विचार-विमर्श के लिए विशेषज्ञ पैनल गठित किए जाएंगे

पारदर्शिता, जवाबदेही और डेटा गोपनीयता संबंधी चुनौतियों के समाधान के लिए एआई-आधारित धोखाधड़ी का पता लगाने पर एक विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा

1,900 से अधिक उपचार पैकेजों में लगभग 40,000 दैनिक दावों के प्रबंधन के साथ एबी पीएम-जेएवाई एआई-आधारित दावा प्रबंधन में अग्रणी; हैकाथॉन शोकेस ने स्वचालित निर्णय क्षमताओं के विस्तार में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की

प्रविष्टि तिथि: 06 MAY 2026 11:58AM by PIB Delhi

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) 8-9 मई, 2026 को बेंगलुरु स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) के एवी रामाराव सभागार में एबी पीएम-जेएवाई ऑटो-एडजुडिकेशन हैकाथॉन के भव्य फिनाले और शोकेस का आयोजन करेगा। यह कार्यक्रम इंडियाएआई मिशन और आईआईएससी बेंगलुरु के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

देशव्यापी हैकाथॉन को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है, जिसमें आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से 3,500 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। यह उत्साहपूर्ण भागीदारी भारत की स्वास्थ्य प्रणालियों को मजबूत करने और सार्वजनिक स्वास्थ्य बीमा प्रक्रियाओं की दक्षता बढ़ाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता का लाभ उठाने में नवप्रवर्तकों, प्रौद्योगिकीविदों और शोधकर्ताओं की बढ़ती रुचि को रेखांकित करती है। पंजीकरण प्रक्रिया 13 अप्रैल, 2026 को समाप्त हुई।

भव्य फिनाले समारोह के उद्घाटन सत्र में भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव श्री एस. कृष्णन मुख्य संबोधन देंगे। इस सत्र में एनएचए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुनील कुमार बरनवाल और कर्नाटक सरकार के प्रधान सचिव श्री ऋत्विक रंजनम पांडे भी संबोधित करेंगे।

दो दिवसीय इस कार्यक्रम को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी पीएम-जेएवाई) के अंतर्गत स्वास्थ्य दावों के प्रबंधन के अगले चरण को आकार देने वाले अत्याधुनिक नवाचारों को प्रदर्शित करने के लिए एक गतिशील मंच के रूप में परिकल्पित किया गया है। फाइनलिस्ट टीमें उन्नत एआई/एमएल-आधारित समाधान प्रस्तुत करेंगी जो नैदानिक ​​दस्तावेज़ वर्गीकरण और मानक उपचार दिशानिर्देशों (एसटीजीएस) के अनुपालन, रेडियोलॉजिकल छवि-आधारित सत्यापन और जाली या एआई-जनित चिकित्सा दस्तावेजों का पता लगाने जैसे महत्वपूर्ण समस्या क्षेत्रों को संबोधित करते हैं। ये समाधान वास्तविक दुनिया में उपयोग के लिए प्रबल क्षमता प्रदर्शित करते हैं, और दावों के निपटान की सटीकता, गति और विश्वसनीयता को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाने की क्षमता रखते हैं।

इस कार्यक्रम में सरकार, उद्योग, स्टार्टअप और शिक्षा जगत के प्रमुख विशेषज्ञों को एक साथ लाने वाली संरचनात्‍मक पैनल चर्चाएं भी शामिल होंगी। "भारतीय स्वास्थ्य सेवा के लिए एआई का निर्माण" विषय पर एक सत्र में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के अंतर्गत स्थापित मजबूत डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे का लाभ उठाते हुए, स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के भीतर एआई नवाचारों को व्यापक स्तर पर लागू करने की रणनीतियों का पता लगाया जाएगा।

"दावों के निपटारे का भविष्य" शीर्षक से एबी पीएम-जेएवाई कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वचालन, अंतरसंचालनीय डिजिटल प्लेटफार्मों और डेटा-संचालित शासन ढांचे के एकीकरण के माध्यम से एक तेज, अधिक पारदर्शी और जवाबदेह दावा प्रणाली को कैसे सक्षम बनाया जाए इस विषय पर भी एक अन्य पैनल चर्चा की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, "एआई के युग में धोखाधड़ी, अपव्यय और दुरुपयोग-चुनौतियां और अवसर" विषय पर एक विशेष सत्र में धोखाधड़ी का पता लगाने में एआई के जिम्मेदार उपयोग की जांच की जाएगी, साथ ही पारदर्शिता, जवाबदेही और डेटा गोपनीयता से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों को भी संबोधित किया जाएगा।

लगभग 40,000 दावों का प्रतिदिन 1,900 से अधिक उपचार पैकेजों के तहत निपटान करने वाली एबी पीएम-जेएवाई विश्व स्तर पर सबसे बड़ी सार्वजनिक रूप से वित्त पोषित स्वास्थ्य बीमा योजनाओं में से एक है और दावा प्रबंधन के लिए एआई-आधारित दृष्टिकोण अपनाने में अग्रणी है। हैकाथॉन शोकेस, एनएचए द्वारा चिकित्सा पैकेजों और विशिष्टताओं की एक विस्तृत श्रृंखला में स्वतः निर्णय लेने की क्षमताओं का विस्तार करने के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस कार्यक्रम का समापन उन विजेता टीमों के सम्मान के साथ होगा जिनके समाधान वास्तविक दुनिया में कार्यान्वयन की प्रबल क्षमता प्रदर्शित करते हैं, जिससे एक पारदर्शी, कुशल और प्रौद्योगिकी-संचालित दावा प्रणाली की परिकल्पना को और आगे बढ़ाया जा सके।

इस पहल के माध्यम से, राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच में सुधार लाने, सेवा वितरण को बढ़ाने और देशभर में लाभार्थियों और प्रदाताओं के लिए बेहतर स्वास्थ्य परिणाम प्राप्त करने के लिए डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और जिम्मेदार कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।

दो दिवसीय कार्यक्रम का सत्रवार विवरण यहां से प्राप्‍त किया जा सकता है-

https://nha.gov.in/ip/Draft_Hackathon_Program_Agenda05.05.2026.pdf

***

पीके/केसी/एसएस/एमपी


(रिलीज़ आईडी: 2258337) आगंतुक पटल : 5
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Kannada
Ministry of Heavy Industries of the Republic of India published this content on May 06, 2026, and is solely responsible for the information contained herein. Distributed via Public Technologies (PUBT), unedited and unaltered, on May 06, 2026 at 08:36 UTC. If you believe the information included in the content is inaccurate or outdated and requires editing or removal, please contact us at [email protected]