Ministry of Heavy Industries of the Republic of India

08/21/2026 | Press release | Distributed by Public on 08/21/2026 08:30

प्रादेशिक सेना ने 'टेरियर साइबर क्वेस्ट 2026' शुरू किया

प्रादेशिक सेना ने 'साइबरपीस' के साथ मिलकर टेरियर साइबर क्वेस्ट 2026 (टीसीक्यू 3.0) की शुरुआत की है। यह एक राष्ट्रीय स्तर का हैकाथॉन है, जिसका उद्देश्य रक्षा, साइबर सुरक्षा और सूचना संबंधी चुनौतियों के लिए अभिनव समाधान विकसित करना है।

इस प्रतियोगिता के तीसरे संस्करण में, भारतीय सेना शिक्षा क्षेत्र, उद्योग, अनुसंधान संस्थानों, सरकारी संगठनों और सशस्त्र बलों से तकनीकी प्रतिभाओं को एक साथ लाने का प्रयास कर रही है। इस पहल का मुख्य ध्यान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), साइबर सुरक्षा, खतरा प्रबंधन और डिजिटल जागरूकता जैसे क्षेत्रों पर होगा और यह राष्ट्रीय सुरक्षा के स्वदेशी समाधान विकसित करने को प्रोत्साहित करेगी।

पहले के संस्करणों से प्रेरणा लेते हुए, यह आयोजन तीन प्रतिस्पर्धी श्रेणियों में होगा:

बग हंटिंग: यह एक साइबर सुरक्षा चुनौती है, जो ऑनलाइन कैप्चर-द-फ्लैग क्वालिफायर से शुरू होकर लाइव सैंडबॉक्स फाइनल तक चलेगी। प्रतिभागियों को एक काल्पनिक महत्वपूर्ण अवसंरचना के वातावरण में संभावित कमजोरियों की पहचान कर उनका दस्तावेजीकरण करना होगा।

एआई कवच: यह एआई और मशीन लर्निंग पर आधारित चुनौती है जिसमें भविष्य के खतरे की जानकारी, स्वचालित सुरक्षा तंत्र और विसंगति पहचान के लिए समाधान विकसित करना शामिल है।

क्रिएटर्स चैलेंज: इस डिजिटल मीडिया और कथा-वाचन प्रतियोगिता का उद्देश्य कंटेंट क्रिएटर्स, कम्युनिकेटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को डीपफेक, फिशिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी और भ्रामक जानकारी जैसे डिजिटल खतरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले प्रभावशाली अभियानों के निर्माण के लिए प्रोत्साहित करना है।

प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण 31 अगस्त, 2026 तक खुले रहेंगे। ऑनलाइन चयन प्रक्रिया 1 से 10 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसके बाद, 6 से 8 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली में ग्रैंड फिनाले होगा। पुरस्कार वितरण समारोह 9 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।

Ministry of Heavy Industries of the Republic of India published this content on August 21, 2026, and is solely responsible for the information contained herein. Distributed via Public Technologies (PUBT), unedited and unaltered, on August 21, 2026 at 14:31 UTC. If you believe the information included in the content is inaccurate or outdated and requires editing or removal, please contact us at [email protected]