10/27/2026 | Press release | Distributed by Public on 10/26/2026 23:39
आज के समय में जब प्रीमियम फीचर्स, तगड़े कैमरे और लंबी बैटरी लाइफ के लिए फोन की कीमतें 70,000 रुपये के पार जा रही हैं, ऐसे में स्मार्ट चॉइस वही है जो सही दाम में बेहतरीन परफॉर्मेंस दे। कंपोनेंट्स और मेमोरी चिप्स की बढ़ती लागत के चलते मोबाइल बाजार में कीमतें भले ही चढ़ी हों, लेकिन ज्यादा पैसे खर्च करने का मतलब हमेशा बेहतर डील नहीं होता।
अगर आप इस त्योहारी सीजन में 50 हजार रुपये के अंदर एक ऑल-राउंडर डिवाइस ढूंढ रहे हैं, तो बाजार में ऐसे कई विकल्प हैं जो पावरफुल प्रोसेसर, हाई रिफ्रेश-रेट डिस्प्ले और लंबी चलने वाली बैटरी के साथ आते हैं। आइए नजर डालते हैं उन 5 स्मार्टफोन्स पर जो इस बजट में सबसे ज्यादा वैल्यू देते हैं:
1. iPhone 15
अगर आप आईफोन खरीदना चाहते हैं, लेकिन Pro मॉडल पर ज्यादा पैसे खर्च नहीं करना चाहते, तो iPhone 15 एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसमें Apple का A16 Bionic प्रोसेसर मिलता है, जो रोजमर्रा के कामों से लेकर कई भारी ऐप चलाने तक अच्छा प्रदर्शन करता है।
फोन में 48MP का मेन कैमरा, OLED डिस्प्ले, Dynamic Island और USB-C पोर्ट दिया गया है। इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन और लंबे समय तक मिलने वाले सॉफ्टवेयर अपडेट भी इसे पुराने आईफोन से अपग्रेड करने वालों के लिए उपयोगी बनाते हैं।
हालांकि, इसकी 60Hz स्क्रीन इस कीमत के कई Android फोन के मुकाबले पीछे रह जाती है। इसमें अलग टेलीफोटो कैमरा भी नहीं है, जिससे दूर की चीजों की फोटो खींचने में सीमाएं आती हैं। चार्जिंग स्पीड भी बहुत तेज नहीं है।
इस फोन को ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म्स पर 59,900 रुपये की लिस्टेड कीमत पर देखा गया है। हालांकि, फेस्टिव सेल के दौरान बैंक ऑफर के साथ इसे 50,000 रुपये से कम में खरीदा जा सकता है। खरीदने से पहले मौजूदा ऑफर और अंतिम कीमत जरूर चेक करें।
2. OnePlus Nord 6
अगर आपकी प्राथमिकता तेज परफॉर्मेंस, गेमिंग और लंबी बैटरी लाइफ है, तो OnePlus Nord 6 पर विचार कर सकते हैं। इसमें Snapdragon 8s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है, जो मल्टीटास्किंग और गेमिंग जैसे कामों को आसानी से संभाल सकता है।
इस स्मार्टफोन में 165Hz रिफ्रेश रेट वाली AMOLED डिस्प्ले और 9,000mAh की बड़ी बैटरी मिलती है। सामान्य इस्तेमाल में बैटरी दो दिन तक चल सकती है, हालांकि वास्तविक बैकअप इस्तेमाल के तरीके पर निर्भर करेगा। फोन में 80W फास्ट चार्जिंग, पानी से बचाव के लिए मजबूत सुरक्षा और OxygenOS का स्मूद अनुभव भी मिलता है।
कमियों की बात करें तो इसका प्लास्टिक बॉडी डिजाइन कुछ लोगों को कम प्रीमियम लग सकता है। इसके अलावा, 8MP का अल्ट्रावाइड कैमरा और टेलीफोटो कैमरे की कमी फोटोग्राफी के शौकीनों को निराश कर सकती है। ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म्स पर इस फोन को 46,999 रुपये की कीमत पर लिस्ट किया गया है। सेल के ऑफर से इस फोन की फाइनल प्राइस और बी कम हो सकती है।
3. iQOO 15R
iQOO 15R उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है, जो फोन में तेज प्रोसेसर, स्मूद डिस्प्ले और लंबा बैटरी बैकअप चाहते हैं। इसमें Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर दिया गया है, जो गेमिंग और हैवी ऐप इस्तेमाल करने के लिए दमदार परफॉर्मेंस देने के लिए तैयार किया गया है।
फोन में 144Hz रिफ्रेश रेट वाली AMOLED स्क्रीन और 7,600mAh की बड़ी बैटरी मिलती है। सामान्य इस्तेमाल में यह बैटरी दो दिन तक चल सकती है। इसके अलावा, 100W फास्ट चार्जिंग, प्रीमियम बिल्ड और लंबे समय तक सॉफ्टवेयर अपडेट मिलने का वादा इसे और आकर्षक बनाता है।
हालांकि, इसका 8MP अल्ट्रावाइड कैमरा बहुत प्रभावशाली नहीं है और अलग टेलीफोटो कैमरा भी नहीं मिलता। लंबे समय तक गेमिंग करने पर फोन गर्म हो सकता है। अमेजन पर यह फोन 53,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लिस्ट है। वहीं, क्रेडिट कार्ड के ऑफर्स के तहत इस फोन पर 3,500 रुपये की बचत की जा सकती है।