Amar Ujala Ltd

09/14/2026 | Press release | Distributed by Public on 09/14/2026 07:58

जिम ट्रेनर की हत्या में खुलासा: एक दो नहीं अब तक हो चुके तीन मर्डर, विजय को बाहर बुलाकर इसलिए मारी 20 गोलियां!

दक्षिण दिल्ली के आया नगर में सोमवार सुबह दिनदहाड़े जिम ट्रेनर विजय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हंसा चौक के पास स्थित 'द परफेक्ट जिम' से बाहर बुलाकर मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने विजय पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। पुलिस के मुताबिक वारदात में करीब 15 से 20 गोलियां चलाई गईं। मौके से आठ से अधिक खोखे और एक कारतूस बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में पुलिस व्यक्तिगत दुश्मनी की आशंका जता रही है, जबकि जिले के अन्य अधिकारियों ने इसे गैंगवार से जोड़कर भी जांच शुरू की है। इस गैंगवार में अब तक तीन लोगों की जान जाने की बात सामने आई है।

जिम के बाहर जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला

गिरफ्तारी के लिए कई टीम गठित
दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि विजय को कई गोलियां लगी थीं। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना सुबह करीब 10:30 बजे फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र में हंसा चौक के पास हुई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं, जो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं।

जिम के बाहर जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला

जिम से बाहर बुलाकर मारीं गोलियां, पुरानी रंजिश की भी जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार हमलावरों को पहले से पता था कि विजय जिम के अंदर मौजूद है। उसके चाचा देवेंद्र ने बताया कि हमलावरों ने विजय को जिम से बाहर बुलाया और इसके बाद गोली मार दी। उनका दावा है कि ऐसा संभवत: इसलिए किया गया, ताकि जिम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात कैद न हो।

जिम के बाहर जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला

माता-पिता की हो चुकी मौत
पुलिस आया नगर में परिवारों के बीच लंबे समय से चली आ रही रंजिश के साथ हत्या के संभावित संबंध की भी जांच कर रही है। देवेंद्र के मुताबिक विजय जिम ट्रेनर था और उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। परिवार में उसकी एक बहन, पत्नी और दो बच्चे हैं। उन्होंने बताया कि विजय के सिर में दो गोलियां लगने की जानकारी मिली है, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गोलियां लगी हैं। उनका दावा है कि गांव में अलग-अलग गुटों के बीच रंजिश रही है और इस विवाद में पहले भी कई लोगों की हत्या हो चुकी है।

जिम के बाहर जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला

पत्नी-बहन ने कहा- किसी से दुश्मनी नहीं थी
विजय की पत्नी रितु ने किसी व्यक्तिगत दुश्मनी से इनकार किया। उन्होंने बताया कि विजय रोज सुबह 4:45 बजे उठता था और करीब पांच बजे जिम के लिए निकल जाता था। रितु के मुताबिक गांव के दो परिवारों के बीच चल रही रंजिश को देखते हुए उन्होंने पति को उनसे दूरी बनाए रखने की सलाह दी थी। उनका आरोप है कि दूसरों के विवाद में उनके निर्दोष पति की हत्या कर दी गई।

Amar Ujala Ltd published this content on September 14, 2026, and is solely responsible for the information contained herein. Distributed via Public Technologies (PUBT), unedited and unaltered, on September 14, 2026 at 13:59 UTC. If you believe the information included in the content is inaccurate or outdated and requires editing or removal, please contact us at [email protected]