Amar Ujala Ltd

08/13/2026 | Press release | Distributed by Public on 08/13/2026 11:33

अंबाला में टकराव: DSP का हाथ कटा, छह पुलिसवाले गंभीर; सिख नेता पर हमला करने वालों को छोड़ने पर अड़े प्रदर्शनकारी

सात अगस्त को ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में खालिस्तान विरोधी सिख नेता गुरसिमरन सिंह मंड को पीटने के मामले में कुछ लोगों की गिरफ्तारी के बाद विवाद बढ़ गया है। सिख समाज के युवाओं पर एकतरफा कार्रवाई के विरोध में लोगों ने वीरवार की दोपहर एक बजे जीटी रोड जाम कर दिया। पुलिस ने लोगों को रोकने के लिए बेरिकेड लगाए थे जिन्हें तोड़ते हुए भीड़ आगे निकल गई। भीड़ को रोकने के लिए पुलिस ने आसू गैस के गोले दागे। प्रदर्शनकारी देर शाम तक जीटी रोड पर डटे हुए हैं।


पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले - फोटो : अमर उजाला

प्रदर्शनकारियों की दो मांगें
प्रदर्शनकारियों की दो प्रमुख मांगें हैं पहली, इंटरनेशनल एंटी खालिस्तान टेरेरिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए दूसरी है मंड पर हमले के आरोप में गिरफ्तार दो लोगों को रिहा किया जाए। जीटी रोड जाम होने से हरियाणा के सड़क मार्ग से अन्य राज्यों का संपर्क लगभग टूट गया। हालात ऐसे बन गए कि लोग छह घंटे से भी अधिक समय तक जाम में फंसे हैं। जीटी रोड पर जाम के कारण स्कूल से छुट्टी के बाद घर जाने के लिए निकले बच्चों की बसें, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी जद्दोजहद करनी पड़ी।

प्रदर्शनकारी - फोटो : अमर उजाला

पंजोखरा गुरुद्वारे में बुलाई गई थी पंथ की बैठक
हाल ही में सिख संगत ने पुलिस पर प्राथमिकी में दर्ज युवाओं को हिरासत में लेने का आरोप और एकतरफा कार्रवाई की बात कहते हुए वीरवार को पंजोखरा गुरुद्वारे में बैठक बुलाई थी जिसमें हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रधान जगदीश सिंह झींडा व अन्य सदस्य शामिल रहे। बताया जाता है कि इसी दौरान संगत ने जीटी रोड जाम करने का निर्णय लिया। इसके बाद सिख समाज के लोग नारेबाजी करते हुए गुरुद्वारे से निकले। पुलिस ने पहले उन्हें गुरुद्वारे के मार्ग पर पड़ने वाले बैरिकेड पर रोका। मगर वह नहीं माने तो बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। इसके बाद दूसरे बेरिकेडिंग पर भी पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका, आंसू गैस के चार से पांच गोले भी दागे मगर वह नहीं रुके और इस बेरिकेडिंग को भी तोड़ दिया। इसे बाद बलदेव नगर के पास तीसरे बेरिकेडिंग को भी प्रदर्शनकारियों ने तोड़ दिया। इस दौरान तीनों बार पुलिस से प्रदर्शनकारियों की झड़प हुई।

पुलिस ने प्रदर्नकारियों को खदेड़ा - फोटो : अमर उजाला

जीटी रोड पर भी चले आंसू गैस के गोले
दोपहर एक बजे के बाद जब भीड़ जीटी रोड पर बैठ गई और रास्ते को कंटेनरों, ट्रैक्टरों से रोक दिया तो पुलिस भी एक्शन में दोबारा से आ गई। उन्होंने पहले प्रदर्शनकारियों को चेतावनी दी। इसके बाद एक के बाद एक तीन से चार आंसू गैस के गोले दागे। हांलाकि, इन गोलों का अधिक असर दिखाई नहीं दिया। इसके बाद मौके पर एसपी अजीत सिंह शेखावत और आईजी पंकज नैन पहुंचे। उन्होंने प्रधान झींडा से संवाद किया। उन्होंने मांग रखी कि मंड के खिलाफ एफआईआर हो और युवाओं को छोड़ा जाए। इसके बाद ही जीटी रोड खोला जाएगा।

प्रदर्शनकारी - फोटो : अमर उजाला

एचएसजीएमसी प्रधान झींडा हुए घायल
एनसीसी स्कूल के सामने पुलिस बेरिकेडिंग पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई। इसी दौरान हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रधान जगदीश सिंह झींडा की कोहनी में बैरिकेडिंग का हिस्सा लग गया और वह चोटिल हो गए। इसके बाद दोपहर एक बजे दोनों तरफ से जीटी रोड जाम कर दिया। यहां पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश व जम्मू कश्मीर जाने वाले वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। इतना ही नहीं स्थानीय स्कूलों से छुट्टी के बाद बच्चे बस में घर जा रहे थे वह भी फंस गए। लोगों को कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। आने जाने का कोई साधन नहीं था।

Amar Ujala Ltd published this content on August 13, 2026, and is solely responsible for the information contained herein. Distributed via Public Technologies (PUBT), unedited and unaltered, on August 13, 2026 at 17:34 UTC. If you believe the information included in the content is inaccurate or outdated and requires editing or removal, please contact us at [email protected]