Ministry of Heavy Industries of the Republic of India

08/19/2026 | Press release | Distributed by Public on 08/19/2026 09:05

अंबेडकर स्टेडियम में भव्य समारोह के साथ 65वें सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ

65वें सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ 18 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के डॉ. बी. आर. अंबेडकर स्टेडियम में हुआ। उद्घाटन दिवस पर जूनियर बालिका (अंडर-17) वर्ग में एक रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें मुख्य मुकाबले में मेघालय ने चंडीगढ़ पर जीत दर्ज की।

उद्घाटन समारोह के बाद टूर्नामेंट का औपचारिक शुभारंभ किया गया। समारोह में एयर मार्शल एस. शिवकुमार, एयर ऑफिसर-इन-चार्ज एडमिनिस्ट्रेशन और सुब्रतो मुखर्जी स्पोर्ट्स एजुकेशन सोसाइटी के उपाध्यक्ष, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भारत की पुरुष राष्ट्रीय भारोत्तोलन टीम के स्टार खिलाड़ी लवप्रीत सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह में विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों ने आयोजन में रंग और उत्साह भर दिया। इनमें एयर वॉरियर्स ड्रिल टीम की प्रस्तुति तथा एयर फोर्स गोल्डन जुबली इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति प्रमुख रही।

सभा को संबोधित करते हुए एयर मार्शल एस. शिवकुमार ने कहा, "65वां सुब्रतो कप भारत में फुटबॉल की स्थायी भावना का प्रमाण है। मुझे विश्वास है कि यह टूर्नामेंट न केवल इन युवा खिलाड़ियों के कौशल को प्रदर्शित करेगा, बल्कि कई और युवाओं को इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। मैं टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने वाली सभी टीमों को बधाई देता हूं और उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। वे सच्ची खेल भावना के साथ खेलें।"

तीन वर्गों-जूनियर बालिका (अंडर-17), जूनियर बालक (अंडर-17) और सब-जूनियर बालक (अंडर-15)-में कुल 108 टीमें टूर्नामेंट में भाग ले रही हैं। प्रत्येक वर्ग में टूर्नामेंट को आठ समूहों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक समूह की विजेता टीमें नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी, जिसका समापन टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबलों के साथ होगा।

65वां सुब्रतो कप जमीनी स्तर पर फुटबॉल को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को इस खेल में प्रतिस्पर्धा करने, अपनी प्रतिभा विकसित करने तथा ऊंचे लक्ष्यों को हासिल करने की आकांक्षा रखने के लिए मंच प्रदान करने की अपनी निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

Ministry of Heavy Industries of the Republic of India published this content on August 19, 2026, and is solely responsible for the information contained herein. Distributed via Public Technologies (PUBT), unedited and unaltered, on August 19, 2026 at 15:05 UTC. If you believe the information included in the content is inaccurate or outdated and requires editing or removal, please contact us at [email protected]