Ministry of Heavy Industries of the Republic of India

05/06/2026 | Press release | Distributed by Public on 05/06/2026 03:57

केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान दो दिन के लखनऊ प्रवास पर

कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय

केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान दो दिन के लखनऊ प्रवास पर


लखनऊ में फ्रूट होराइज़न-2026 में सहभागिता करेंगे केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, बागवानी क्षेत्र को मिलेगी नई ताकत

श्री शिवराज सिंह की मौजूदगी में फल उत्पादक किसानों और निर्यातकों को मिलेगा बड़ा मंच, किसानों, वैज्ञानिकों और कारोबार जगत का होगा संगम

प्रविष्टि तिथि: 06 MAY 2026 3:22PM by PIB Delhi

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 6 और 7 मई को उत्तर प्रदेश में लखनऊ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान श्री चौहान "फ्रूट होराइज़न 2026" से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में यह दो दिवसीय आयोजन देश में फल उत्पादन, गुणवत्ता, प्रसंस्करण और निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्यक्रम का मकसद किसानों, वैज्ञानिकों, निर्यातकों और अन्य संबंधित पक्षों को एक मंच पर लाकर फल क्षेत्र को नई दिशा देना है।

6 मई को होटल रेनेसां, गोमतीनगर, लखनऊ में केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान निर्यातकों और अन्य हितधारकों के साथ सीधा संवाद करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, आज देर शाम श्री शिवराज सिंह की प्रगतिशील निर्यातकों के साथ बैठक होगी, साथ ही निर्यातकों, निदेशकों और अन्य हितधारकों के साथ भी उनकी चर्चा होगी। इस संवाद में फल निर्यात बढ़ाने, बाजार की चुनौतियों को समझने और बेहतर रणनीति बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इससे देश के फल कारोबार को मजबूत करने और किसानों को बेहतर अवसर दिलाने की दिशा में मदद मिलेगी।

7 मई को मुख्य कार्यक्रम आईसीएआर के केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान, रहमानखेड़ा, लखनऊ में आयोजित होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 10 बजे से किसानों, पौधशाला से जुड़े लोगों और प्रसंस्करण क्षेत्र के हितधारकों के साथ केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह का संवाद होगा। इसके बाद मुख्य सत्र होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही और श्री दिनेश प्रताप सिंह भी भाग लेंगे। कार्यक्रम के व्यापक एजेंडे में गुणवत्ता, निर्यात, वैल्यू एडिशन, जीरो रिजेक्शन, एफपीओ, एफपीसी और एसएचजी की भूमिका जैसे विषय भी शामिल हैं। यह आयोजन फल क्षेत्र में नई सोच, नई तकनीक और नए बाजार अवसरों के रास्ते खोलने वाला है।

लखनऊ में होने वाला यह आयोजन उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के फल क्षेत्र को नई गति देने की दिशा में अहम कदम साबित होगा। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ वैज्ञानिक, केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

***

RC/MS


(रिलीज़ आईडी: 2258358) आगंतुक पटल : 6
Ministry of Heavy Industries of the Republic of India published this content on May 06, 2026, and is solely responsible for the information contained herein. Distributed via Public Technologies (PUBT), unedited and unaltered, on May 06, 2026 at 09:57 UTC. If you believe the information included in the content is inaccurate or outdated and requires editing or removal, please contact us at [email protected]